रिपोर्ट-जैगम हलीम
कौशाम्बी : मंझनपुर नगर पालिका परिषद में तैनात एक वरिष्ठ लिपिक को कथित तौर पर एक महिला के साथ किराए के कमरे में उनकी पत्नी ने पकड़ लिया। घटना के बाद मौके पर काफी देर तक हंगामा होता रहा। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ लिपिक संजय कुमार गुप्ता परिवार से अलग किराए के कमरे में रह रहे थे। उनकी पत्नी को काफी समय से पति के किसी महिला से कथित संबंध होने का संदेह था। इसी आशंका के आधार पर वह अपने परिजनों के साथ किराए के कमरे पर पहुंचीं। आरोप है कि वहां उन्होंने पति को एक महिला के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखा, जिसके बाद उन्होंने विरोध जताया और दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
शोर-शराबा होने पर आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर एकत्र हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर कोतवाली ले गई। पुलिस ने दोनों पक्षों से पूछताछ की और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। यदि किसी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत दी जाती है तो उसके आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। यह खबर संबंधित पक्षों के आरोपों और प्रारंभिक जानकारी पर आधारित है। मामले की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है और आधिकारिक निष्कर्ष आना शेष है।
0 Comments