Ticker

6/recent/ticker-posts

विद्यार्थियों की प्रतिभा को मिला मंच, प्रतियोगिता में 109 विद्यार्थी हुए पुरस्कृत...

रिपोर्ट-इरसाद हुसैन 

महोबा : सेवा संकल्प अभियान एवं “मेरे सपनों का भारत” सेवा चित्र अभियान के अंतर्गत सोमवार को जनपद के 10 विद्यालयों में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। चित्रकला, भाषण और सामान्य ज्ञान प्रतियोगिताओं में कुल 1,155 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। डीएवी इंटर कॉलेज महोबा, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज रामनगर, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय कबरई, श्री नेहरू अखंड इंटर कॉलेज मसूदपुरा, नेहरू इंटर कॉलेज पनवाड़ी, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पनवाड़ी सहित राजकीय हाई स्कूल दुलारा, नईपुरा, बुजारी और सिलालपुरा में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। कक्षा 6 से 8 की चित्रकला प्रतियोगिता में 322, कक्षा 9 से 12 की चित्रकला प्रतियोगिता में 76 तथा भाषण प्रतियोगिता में 336 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। वहीं कक्षा 9 से 12 की सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में 421 छात्र-छात्राओं ने अपनी जानकारी और जागरूकता का प्रदर्शन किया। चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता और रचनात्मक सोच को कागज पर उकेरा, जबकि भाषण प्रतियोगिता में विचारों और अभिव्यक्ति क्षमता का प्रदर्शन किया।

सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों के ज्ञान एवं जागरूकता का परीक्षण किया गया। प्रतियोगिताओं में सफल रहे 109 छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। पुरस्कार पाकर विद्यार्थियों में उत्साह और प्रसन्नता का माहौल रहा। कार्यक्रम में अभिभावकों और ग्रामीणों ने भी सहभागिता करते हुए बच्चों का उत्साहवर्धन किया। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को आवश्यक मार्गदर्शन और सहयोग दिया।

कार्यक्रम के आयोजन एवं विद्यालयों के बीच समन्वय में सेवा संकल्प अभियान एवं “मेरे सपनों का भारत” सेवा चित्र अभियान की जनपदीय नोडल आशी सिंह ने आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मकता, सेवा भावना, सामाजिक सहभागिता, सामान्य ज्ञान, अभिव्यक्ति क्षमता तथा राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना है।

Post a Comment

0 Comments