रिपोर्ट-विनय गुप्ता
प्रयागराज : मलाकराज स्थित शिव पार्क में कई वर्षों से चली आ रही परंपरा के तहत इस वर्ष भी ‘शिव पार्क का राजा श्री गणेश महोत्सव’ धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। गणेश महोत्सव के दौरान विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान गणेश का आशीर्वाद लिया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय लोगों ने बड़ी संख्या में शामिल होकर धार्मिक आयोजन में सहभागिता की। महोत्सव का आयोजन नव युवक संघ ट्रस्ट के अध्यक्ष शनि सोनकर के नेतृत्व में किया गया। आयोजन को सफल बनाने में क्षेत्र के मोहल्लेवासियों और सहयोगियों ने भी बढ़-चढ़कर योगदान दिया। पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम में प्रयागराज के महापौर गणेश केसरवानी भी शामिल हुए। उन्होंने भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों को गणेश महोत्सव की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए धार्मिक आयोजनों के माध्यम से समाज में आपसी सहयोग और भाईचारे को बढ़ावा देने की बात कही। महोत्सव को लेकर शिव पार्क और आसपास के क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा। आयोजन समिति और स्थानीय लोगों ने श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए व्यवस्थाएं संभालीं। देर शाम तक क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा।
0 Comments