रिपोर्ट-जैगम हलीम
कौशाम्बी : पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र में संदीपन घाट थाना क्षेत्र की सीमा से सटी उस जमीन पर दोबारा अवैध कब्जे के प्रयास का आरोप लगा है, जिसे पुलिस-प्रशासन द्वारा पूर्व में माफिया अतीक अहमद से संबंधित बताते हुए कुर्क किया गया था। उक्त जमीन को उत्तर प्रदेश गैंगस्टर्स एवं असामाजिक गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम, 1986 की धारा 14 के तहत जब्त किए जाने की बात कही जा रही है। आरोप है कि पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के मनौरी निवासी सोनू पुत्र दुलदुल द्वारा सीज जमीन पर मिट्टी डलवाकर कब्जे का प्रयास किया जा रहा है। शिकायतकर्ता का कहना है कि जमीन पर बिना किसी अनुमति के मिट्टी डालने का काम किया जा रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक यह गतिविधि दिनदहाड़े चल रही है, बावजूद इसके संबंधित पुलिस-प्रशासन को इसकी जानकारी नहीं होने की बात सामने आ रही है।
मामले में पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के टिकरी गांव निवासी शाहे आजम ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ता ने सीज जमीन पर किए जा रहे कथित कब्जे की जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की मांग की है। स्थानीय ग्रामीणों ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से मामले का स्थलीय निरीक्षण कराकर जमीन की स्थिति स्पष्ट कराने तथा यदि आरोप सही पाए जाएं तो कुर्क संपत्ति को अतिक्रमण से मुक्त कराने की मांग की है। साथ ही संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग भी की गई है। पुलिस-प्रशासन की ओर से मामले में आधिकारिक पक्ष सामने आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
0 Comments