Ticker

6/recent/ticker-posts

अझुवा में करंट लगने से 52 वर्षीय व्यक्ति की मौत, विजिलेंस टीम पर आरोप...

रिपोर्ट-जैगम हलीम 

कौशाम्बी : अझुवा कस्बे में शनिवार सुबह करंट की चपेट में आने से 52 वर्षीय इंद्राज की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने मौके पर पहुंची विजिलेंस टीम पर गंभीर आरोप लगाए हैं। हालांकि, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह करीब नौ बजे एक सफेद बोलेरो से विजिलेंस टीम के कुछ लोग मौके पर पहुंचे थे। परिजनों और स्थानीय लोगों के मुताबिक, टीम के पहुंचने के बाद इंद्राज बिजली का तार निकालने गया था। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि विजिलेंस टीम के लोग मौके से चले गए। इसी बीच हाईवे पर रॉन्ग साइड से तेज रफ्तार में जाती एक सफेद बोलेरो का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। स्थानीय लोग इस वाहन को कथित तौर पर विजिलेंस टीम की गाड़ी बता रहे हैं। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी त्रिलोकी नाथ पांडेय ने बताया कि परिजन व्यक्ति की मौत करंट लगने से होने की बात कह रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments