रिपोर्ट-इरसाद हुसैन
महोबा : सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत गुरुवार को जनपद के जिला पुरुष चिकित्सालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पनवाड़ी और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चरखारी में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। काशिफ भाई के संरक्षण में आयोजित शिविर में रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेकर कुल 32 यूनिट रक्तदान किया। चरखारी सीएचसी में 14 यूनिट, जिला पुरुष चिकित्सालय में 11 यूनिट तथा पनवाड़ी सीएचसी में सात यूनिट रक्तदान किया गया। रक्तदाताओं के इस योगदान से ब्लड बैंक को 32 यूनिट रक्त प्राप्त हुआ। शिविर के दौरान मानव सेवा को सर्वोत्तम सेवा बताते हुए लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया गया। शिविर का शुभारंभ सदर विधायक राकेश गोस्वामी ने किया। वहीं सीएचसी चरखारी में एमएलसी जितेंद्र सिंह सेंगर तथा सीएचसी पनवाड़ी में ब्लॉक प्रमुख ने फीता काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान मरीजों को फल वितरित किए गए। रक्तदान को लेकर जनमानस में खासा उत्साह देखने को मिला। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक अलग-अलग दिवसों में आयोजित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य जनमानस को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं, स्वच्छता, कुपोषण और मातृ स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं की जानकारी देने के साथ उनकी उपलब्धता सुनिश्चित करना है।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विनय कुमार, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुरेश कुमार, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विनोद चौहान, पैथोलॉजिस्ट एवं चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजेश भट्ट, पनवाड़ी व चरखारी के चिकित्सा अधिकारी तथा स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे। रक्तदान शिविर को सफल बनाने के लिए बांदा से मोबाइल ब्लड बैंक भी मंगाया गया, जिससे रक्त संग्रह में सहयोग मिला।
0 Comments