Ticker

6/recent/ticker-posts

हिंदी दिवस पर अंबेडकर पाठशाला में प्रतियोगिताएं, मेधावी बच्चे हुए सम्मानित...

रिपोर्ट-इरसाद हुसैन 

महोबा : अंबेडकर पाठशाला शिक्षा सेवा फाउंडेशन के तत्वावधान में चरखारी कस्बे के मोहल्ला खंदिया स्थित निःशुल्क डॉ. अंबेडकर पाठशाला एवं लाइब्रेरी में सोमवार को राष्ट्रीय हिंदी दिवस के अवसर पर निबंध, भाषण और कविता प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बच्चों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करते हुए हिंदी भाषा के महत्व पर अपने विचार प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में मेधावी बच्चों को स्कूल बैग, कॉपी, किताबें एवं अन्य शैक्षिक सामग्री देकर उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बेसिक शिक्षा नगर क्षेत्र चरखारी के शिक्षक नीरज शुक्ला रहे। इस दौरान पाठशाला फाउंडेशन के डायरेक्टर इंद्र कुमार कुशवाहा, सहयोगी शिक्षक मनीष कुमार, पाठशाला संचालक आशीष कुमार सहित छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

मुख्य अतिथि नीरज शुक्ला ने बच्चों को पुरस्कृत करते हुए नियमित रूप से पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने हिंदी दिवस और गणेश चतुर्थी पर्व की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि हिंदी हमारी मातृभाषा, पहचान और गौरव है। हिंदी दिवस प्रत्येक वर्ष 14 सितंबर को मनाया जाता है। निबंध प्रतियोगिता में दीपिका ने प्रथम, खुशबू ने द्वितीय और रागनी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। भाषण प्रतियोगिता में अनुज प्रथम, पूनम द्वितीय और हिमांशु तृतीय रहे। कविता प्रतियोगिता में नमन, सविता और आर्यांश ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया।

कार्यक्रम के अंत में बच्चों को फल वितरित किए गए। पाठशाला संचालक ने बताया कि खंदिया स्थित इस निःशुल्क अंबेडकर पाठशाला में कक्षा एक से आठ तक के करीब 70 विद्यार्थियों को प्रतिदिन निःशुल्क शिक्षा दी जाती है। यहां समय-समय पर शैक्षिक कार्यक्रम एवं विभिन्न गतिविधियां आयोजित कर बच्चों की प्रतिभा को निखारने का प्रयास किया जाता है।

Post a Comment

0 Comments