Ticker

6/recent/ticker-posts

बदहाल स्कूल व्यवस्था के खिलाफ छात्रों की हुंकार, लाल बहादुर शास्त्री इंटर कॉलेज में छात्रों का प्रदर्शन...

ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह 


कौशाम्बी : चायल में स्थित लाल बहादुर शास्त्री इंटर कॉलेज में व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर छात्र-छात्राओं का गुस्सा फूट पड़ा। विद्यालय की बदहाल व्यवस्थाओं और मूलभूत सुविधाओं के अभाव से नाराज विद्यार्थियों ने स्कूल परिसर में जोरदार प्रदर्शन कर अपनी समस्याओं को लेकर आवाज उठाई। छात्रों का आरोप है कि विद्यालय में पढ़ाई के लिए जरूरी सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं हैं। छात्र-छात्राओं के मुताबिक विद्यालय भवन काफी पुराने हो चुके हैं और बारिश के दौरान कक्षाओं की छत से पानी टपकने लगता है। इससे विद्यार्थियों को कक्षा में बैठकर पढ़ाई करने में परेशानी होती है। कई कमरों में लाइट और पंखों की व्यवस्था भी ठीक नहीं है। पेयजल की समस्या के साथ विद्यालय के शौचालयों में गंदगी पसरी रहती है। छात्रों का कहना है कि इन समस्याओं के चलते उन्हें रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विद्यार्थियों ने आरोप लगाया कि वे कई बार विद्यालय के प्रधानाचार्य और प्रबंधक से समस्याओं की शिकायत कर चुके हैं, लेकिन उनकी शिकायतों पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया गया। छात्रों का आरोप है कि समस्या उठाने पर उन्हें डांटकर चुप करा दिया जाता है। इससे विद्यार्थियों में नाराजगी बढ़ती जा रही थी। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि विद्यालय की व्यवस्थाओं को सुधारने के लिए कई बार जनप्रतिनिधियों से अनुदान और सरकारी सहायता दिलाए जाने की बात सामने आती रही है, लेकिन इसके बावजूद विद्यालय भवन की मरम्मत और अन्य जरूरी कार्य नहीं कराए गए।

लोगों ने विद्यालय की व्यवस्थाओं की जांच कराने तथा उपलब्ध संसाधनों का समुचित उपयोग सुनिश्चित कराने की मांग की है। छात्र-छात्राओं ने पुराने भवन की मरम्मत, छत की समस्या दूर कराने, पर्याप्त लाइट-पंखे, स्वच्छ पेयजल और साफ-सुथरे शौचालय की व्यवस्था कराने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान विद्यालय परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

Post a Comment

0 Comments