रिपोर्ट-घनश्याम कुमार
प्रयागराज : सदर तहसील क्षेत्र के बम्हरौली पंतरवा में भगवतपुर जाने वाली सड़क किनारे ओवरब्रिज के नीचे संचालित उज्ज्वल हॉस्पिटल को लेकर स्थानीय लोगों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। लोगों का कहना है कि अस्पताल में इलाज के नाम पर मरीजों से मनमानी वसूली की जा रही है। आरोप है कि अस्पताल के बाहर बड़े-बड़े डॉक्टरों के नाम और बोर्ड लगाकर मरीजों को आकर्षित किया जाता है, जबकि अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सकीय सुविधाओं और विशेषज्ञ डॉक्टरों की मौजूदगी को लेकर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक अस्पताल में अल्ट्रासाउंड सेंटर भी संचालित हो रहा है। आरोप है कि कई मामलों में योग्य रेडियोलॉजिस्ट की मौजूदगी के बिना ही अल्ट्रासाउंड की रिपोर्ट तैयार की जाती है। खासकर गर्भवती महिलाओं को अल्ट्रासाउंड के नाम पर अस्पताल तक लाने और उनसे अधिक रकम वसूलने के आरोप लगाए गए हैं। स्थानीय लोगों का दावा है कि मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाने में कुछ आशाओं और कथित दलालों की भूमिका भी रहती है।
लोगों ने अस्पताल के संचालन में निर्धारित मानकों और आवश्यक पंजीकरण की जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि अस्पताल में नर्सिंग एक्ट सहित स्वास्थ्य विभाग द्वारा निर्धारित नियमों का पालन हो रहा है या नहीं, इसकी जांच जरूरी है। जानकारों के अनुसार अस्पताल या क्लिनिकल प्रतिष्ठान के संचालन के लिए संबंधित पंजीकरण और निर्धारित चिकित्सकीय एवं आधारभूत मानकों का पालन आवश्यक होता है। अस्पताल में अल्ट्रासाउंड जैसी सुविधा संचालित होने पर पीसी-पीएनडीटी अधिनियम के तहत पंजीकरण और निर्धारित नियमों का पालन भी जरूरी है। इसी तरह अग्नि सुरक्षा, जैव-चिकित्सीय कचरा निस्तारण, दवाओं की बिक्री तथा भवन और अन्य आवश्यक अनुमतियों से जुड़े नियम भी लागू हो सकते हैं।
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से अस्पताल का स्थलीय निरीक्षण कराने, चिकित्सकों की योग्यता, पंजीकरण, अल्ट्रासाउंड केंद्र की वैधानिक स्थिति तथा मरीजों से लिए जा रहे शुल्क की जांच कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
0 Comments