रिपोर्ट-फैजी जाफरी
कौशाम्बी : चरवा थाना क्षेत्र के पकसराई गांव निवासी 23 वर्षीय रामू पाल पुत्र विपिन चंद्र पाल का शव संदिग्ध परिस्थितियों में संदीपन घाट थाना क्षेत्र के जीवनगंज मरधरा के पास मिलने से हड़कंप मच गया। शव मिलने की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। परिजनों के मुताबिक रामू पाल दिल्ली में रहकर एक कंपनी में वाहन चालक के रूप में काम करते थे। परिजनों ने कंपनी मालिक से संपर्क किया तो जानकारी मिली कि रामू 23 सितंबर को कंपनी से निकल गए थे। इसके बाद से परिजन उनकी तलाश कर रहे थे। गुरुवार रात जीवनगंज मरधरा के पास रामू का शव मिलने की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों और स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान के पास शव मिला है, उसके आसपास ट्रेन का कोई स्टॉपेज नहीं है। वहीं मृतक का मोबाइल फोन और बैग भी गायब बताया जा रहा है। इन परिस्थितियों को लेकर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। उन्होंने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर मामले की गहन जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
हालांकि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि रामू उस स्थान तक कैसे पहुंचे और उनका मोबाइल फोन व बैग कहां गया। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल हत्या की आशंका की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
0 Comments