रिपोर्ट-जैगम हलीम
कौशाम्बी : विकास खंड चायल की ग्राम पंचायत रसूलाबाद उर्फ कोइलहा में सफाई व्यवस्था बदहाल होने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि सफाई कर्मी के नियमित रूप से गांव में न आने के कारण जगह-जगह गंदगी का अंबार लगा हुआ है। नालियां चोक होने से बारिश का पानी रास्तों पर जमा है और कीचड़ के चलते लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्राम प्रधान लवकुश का आरोप है कि ग्राम पंचायत अधिकारी की कथित मनमानी के चलते सफाई कर्मी मनमाने ढंग से काम कर रहा है। प्रधान के मुताबिक सफाई कर्मी गांव में नियमित रूप से सफाई करने नहीं आता। इसकी शिकायत कई बार संबंधित अधिकारियों और डीपीआरओ से की गई, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
प्रधान का यह भी आरोप है कि सफाई कर्मी से शिकायत करने पर वह धमकी देता है कि ज्यादा शिकायत करने पर जेल भिजवा देगा। इसके चलते ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि सफाई व्यवस्था नहीं होने से बारिश के दौरान जलभराव की समस्या और गंभीर हो गई है। ग्राम प्रधान लवकुश और ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से शिकायत कर मामले की जांच कराने तथा सफाई कर्मी के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
0 Comments