रिपोर्ट-फैजी जाफरी
कौशाम्बी : जनपद में सराय अकिल थाना क्षेत्र में 12 वर्षीय नाबालिग बच्ची की गुमशुदगी का मामला रविवार को उस समय बड़ा खुलासा बन गया, जब कौशांबी पुलिस की त्वरित कार्यवाही, तकनीकी दक्षता और अधिकारियों की गहन जांच ने एक हैरान कर देने वाली साजिश का भंडाफोड़ कर दिया। पुलिस जांच में सामने आया कि बच्ची गायब नहीं हुई थी, बल्कि उसकी ही मां ने उसे यमुना नदी में धक्का देकर मौत के घाट उतार दिया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने तत्काल विशेष टीम गठित की। उनके निर्देशन में एडिशनल एसपी राजेश सिंह और क्षेत्राधिकारी अभिषेक सिंह ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल सर्विलांस और घटनास्थल की परिस्थितियों का गहन अध्ययन कर मामले की सच्चाई सामने ला दी। प्रभारी निरीक्षक सराय अकिल वीर प्रताप सिंह चौहान और उनकी टीम भी लगातार बच्ची की तलाश और तथ्य जुटाने में लगी रही।
झाड़ फूंक की कहानी निकली झूठी, कंजापुर के ग्रामीणों ने किया खुलासा...
बतादें कि 21 नवंबर को बच्ची की मां ने थाने में तहरीर दी थी कि वह अपने छह माह के बेटे को झाड़–फूंक कराने ग्राम कंजापुर गई थी और लौटने पर उसकी मानसिक रूप से कमजोर 12 वर्षीय बेटी घर से गायब मिली। लेकिन जब पुलिस टीम कंजापुर पहुंची, तो ग्रामीणों ने साफ बताया कि महिला उस दिन गांव आई ही नहीं थी। यह बयान पुलिस को शक की नई दिशा देता चला गया।
कड़ाई से पूछताछ में टूटी मां, कबूल किया दिल दहला देने वाला अपराध...
संदेह बढ़ने पर पुलिस ने महिला से सख्ती से पूछताछ की, जिस पर वह टूट गई और अपराध स्वीकार कर लिया।
उसने बताया कि मानसिक रूप से कमजोर बेटी की हरकतों से वह परेशान थी। इसी वजह से वह 21 नवंबर की सुबह दोनों बच्चों को लेकर ई-रिक्शा से महिला घाट पुल पहुंची और सुनसान जगह देखकर बेटी को रेलिंग पर बैठाकर यमुना नदी में धक्का दे दिया। इसके बाद वह मासूम की तलाश का नाटक करती रही और पुलिस को झूठी कहानी सुनाकर गुमराह करने का प्रयास करती रही।
तकनीकी साक्ष्यों ने किया सच पक्का...
मोबाइल लोकेशन, सीडीआर और गवाहों के बयानों से पुष्टि हो गई कि महिला घटना के समय यमुना नदी के पास ही मौजूद थी। मामले में पर्याप्त सबूत मिलने पर धाराएँ बढ़ाई गईं और आरोपी मां को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजने की कार्रवाई की जा रही है। बच्ची की तलाश के लिए यमुना नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चल रहा है। मछुआरे, स्थानीय गोताखोर और सीमावर्ती थानों को अलर्ट किया गया है।
पुलिस की तत्परता बनी मिसाल...
कौशाम्बी पुलिस की त्वरित कार्यवाही, तकनीकी जांच और अधिकारियों की सूझबूझ ने एक दर्दनाक साजिश का पर्दाफाश कर न्याय के रास्ते को मजबूत किया है। स्थानीय लोगों ने पुलिस टीम की तेज और सटीक कार्रवाई की सराहना की है।
0 Comments