ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह
मुम्बई : महानगर मुम्बई के गोरेगांव इलाके से एक बेहद डरावनी और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक रिहायशी इमारत की लिफ्ट में हाइड्रोजन गैस से भरे गुब्बारों के कारण अचानक विस्फोट हो गया, जिससे आग लग गई। यह पूरी घटना लिफ्ट में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मिली जानकारी के अनुसार यह घटना गोरेगांव स्थित अनमोल अपार्टमेंट की है। सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक, यह हादसा 2 फरवरी की रात करीब 10 बजकर 50 मिनट पर हुआ। वीडियो में देखा जा सकता है कि पहले एक महिला हाथ में छोटी ट्रॉली लेकर लिफ्ट में प्रवेश करती है। कुछ ही सेकंड बाद एक व्यक्ति बड़े पॉलीथिन बैग में कई गुब्बारे लेकर लिफ्ट में आता है। जैसे ही लिफ्ट के दरवाजे बंद होते हैं, अचानक गुब्बारों में आग लग जाती है और तेज लपटों के साथ विस्फोट हो जाता है। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ पलों के लिए सीसीटीवी कैमरा भी पूरी तरह ढक जाता है। इसके बाद लिफ्ट में मौजूद महिला और दो पुरुष घबराकर लिफ्ट से बाहर निकलते हुए नजर आते हैं।
घटना के दौरान किसी की जान जाने की सूचना नहीं है, लेकिन इस हादसे ने रिहायशी इमारतों में सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि गुब्बारों में भरी हाइड्रोजन गैस अत्यंत ज्वलनशील होने के कारण यह हादसा हुआ। स्थानीय प्रशासन और फायर विभाग द्वारा मामले की जांच की जा रही है। वहीं, इस घटना के बाद लोगों से अपील की जा रही है कि बंद स्थानों जैसे लिफ्ट में ज्वलनशील गैस से भरे गुब्बारे या अन्य खतरनाक सामग्री ले जाने से बचें, ताकि ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति न हो। वहीं घटना के बाद लापरवाही के आरोप में अंधेरी के राजू कुमार महतो पर केस दर्ज किया गया है।
0 Comments