ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह
भदोही। जनपद में थाना ज्ञानपुर क्षेत्र के पीपरगांव गांव में एक दलित व्यक्ति को जिंदा जलाने के मामले को लेकर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) का प्रतिनिधिमंडल बुधवार को पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने परिवार के प्रति शोक संवेदना व्यक्त करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। प्राप्त जानकारी के अनुसार पीपरगांव निवासी जैसलाल सरोज (55) पुत्र लालता प्रसाद सरोज के साथ 9 मार्च 2026 को कथित रूप से गंभीर घटना घटी। पीड़ित परिवार का आरोप है कि जैसलाल सरोज अपने हैंडपंप को ठीक कराने की बात कहने के लिए गांव के ग्राम प्रधान रामनायक यादव के दरवाजे पर गए थे। इसी दौरान कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद के दौरान ग्राम प्रधान के बेटे ने उन पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान तथा उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं सांसद अरुण भारती के निर्देश पर पार्टी के पूर्वांचल अध्यक्ष राजीव पासवान के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल 10 मार्च को सुबह करीब 11 बजे पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचा।
प्रतिनिधिमंडल ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए भरोसा दिलाया कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। इस दौरान राजीव पासवान ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) से फोन पर वार्ता कर पीड़ित परिवार को एक सरकारी नौकरी, 50 लाख रुपये आर्थिक सहायता और आवासीय पट्टा जल्द उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही पुलिस अधीक्षक से भी सख्त कार्रवाई करने की बात कही। लोक जनशक्ति पार्टी ने अनुसूचित जाति के परिवार को न्याय दिलाने के लिए दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कमला कुमारी, प्रदेश अध्यक्ष राजीव पासवान (एडवोकेट), प्रदेश महासचिव आशुतोष सिंह गहरवार, प्रदेश संगठन महामंत्री धनंजय दुबे, प्रदेश सचिव अवनीश तिवारी, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष गोविंद पासवान, प्रदेश उपाध्यक्ष (अनुसूचित प्रकोष्ठ) विजय पासी, वाराणसी जिलाध्यक्ष राज नीरज सिंह, महानगर अध्यक्ष गुरु प्रसाद राणा, मंडल अध्यक्ष विशाल सिंह, मंडल अध्यक्ष (अनुसूचित प्रकोष्ठ) प्रयागराज मुकेश पासी, राहुल तिवारी, संतोष पंडित सहित अन्य लोग मौजूद।
0 Comments