Ticker

6/recent/ticker-posts

बीच-बचाव करने पर महिला के परिवार पर हमला, कई परिवारिक सदस्य घायल...

रिपोर्ट-फैजी जाफरी 

कौशाम्बी : संदीपन घाट थाना क्षेत्र के पठन पुरवा गांव में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच चल रहे झगड़े में बीच-बचाव करना एक महिला और उसके परिवार को भारी पड़ गया। दबंगों ने महिला सहित उसके परिजनों पर लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिसमें कई लोग घायल हो गए। मिली जानकारी के अनुसार, 25 मार्च की रात करीब 9 बजे गांव के प्रदीप कुमार और श्यामू के बीच मारपीट हो रही थी। इसी दौरान दोनों सुमन देवी पत्नी धारा सिंह के घर के पास पहुंच गए। सुमन देवी ने विवाद शांत कराने की कोशिश की, जिससे आक्रोशित होकर आरोपियों ने महिला और उसके परिवार को निशाना बना लिया।

बताया जा रहा है कि श्यामू का पुत्र शिवम, भतीजे गोविंद और हिमांशु भी लाठी-डंडा व कुल्हाड़ी लेकर मौके पर पहुंच गए और सुमन देवी, उनके बेटे आशीष, देवरानी सुनीता, देवर संतलाल, शैलेंद्र और मनोज पर हमला कर दिया। हमले में सभी को चोटें आई हैं, जबकि आशीष की हालत गंभीर बताई जा रही है, उसके सिर पर कुल्हाड़ी से वार किया गया। घायलों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मूरतगंज ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें अन्य अस्पताल रेफर कर दिया गया।

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद मौके पर पहुंची पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। हालांकि मूरतगंज चौकी पुलिस ने घटनास्थल से हमले में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर ली है। घटना से आक्रोशित सुमन देवी ने 26 मार्च को पुलिस अधीक्षक से मिलकर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments