रिपोर्ट-फैजी जाफरी
कौशाम्बी : यूपी एसटीएफ प्रयागराज टीम और कोखराज थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में ट्रकों की खरीद-बिक्री में बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। बुधवार देर रात पुलिस ने कोखराज थाने के पीछे बने एक यार्ड में छापेमारी कर फर्जी नंबर प्लेट लगी दो ट्रक बरामद किए और गिरोह के सरगना को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद कासिम निवासी मरियाडीह रसूलपुर, थाना पूरामुफ्ती प्रयागराज के रूप में हुई है। कासिम कोखराज क्षेत्र में यार्ड बनाकर ट्रकों की खरीद-बिक्री करता था। जांच में सामने आया है कि वह पुराने वाहनों के चेसिस नंबर बदलकर और फर्जी नंबर पंच कराकर प्रयागराज एआरटीओ कार्यालय से फर्जी कागजात तैयार करवाता था, जिसके बाद गाड़ियों को बेच देता था।
छापेमारी के दौरान बरामद ट्रकों में एक 16 चक्का ट्रक भी शामिल है। कासिम ने पूछताछ में बताया कि उसने यह ट्रक असम से खरीदा था और एनओसी के आधार पर ट्रांसफर कराया था, लेकिन अन्य वाहन के संबंध में वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। पुलिस ने इस मामले में कासिम अहमद, अनिल तिवारी और मोहम्मद तारिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। गुरुवार को कासिम को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
कोखराज थाना प्रभारी चंद भूषण मौर्य ने बताया कि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है और पूरे गिरोह के नेटवर्क की जांच की जा रही है। जल्द ही इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों का भी खुलासा किया जाएगा।
0 Comments