रिपोर्ट-फैजी जाफरी
कौशाम्बी : जनपद में कोखराज थाना क्षेत्र में रविवार शाम तेज रफ्तार दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि महिला और बच्ची समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस और एंबुलेंस पहुंची और घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। मिली जानकारी के अनुसार चरवा थाना क्षेत्र के चरवा निवासी विनोद गुप्ता (22) पुत्र शिव बाबू गुप्ता अपने चचेरे भाई आदर्श गुप्ता (23) पुत्र मुन्नू लाल गुप्ता के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे कोखराज थाना क्षेत्र के परसरा चौराहे से आगे चरवा रोड स्थित कोल्ड स्टोरेज के पास पहुंचे, सामने से आ रहे दूसरी बाइक सवार अजय सरोज (25) की बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। अजय सरोज अपनी पत्नी निशा सरोज और छोटी बच्ची के साथ कहीं जा रहे थे। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइकों पर सवार पांचों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
हादसे में अजय सरोज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि निशा सरोज, उनकी बच्ची, विनोद गुप्ता और आदर्श गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने अजय सरोज के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने विनोद गुप्ता और आदर्श गुप्ता की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें प्रयागराज रेफर कर दिया। दुर्घटना की खबर मिलते ही मृतक और घायलों के परिजन रोते-बिलखते मौके पर पहुंच गए, जिससे घटनास्थल पर कोहराम मच गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
0 Comments