रिपोर्ट-फैजी जाफरी
कौशाम्बी : जनपद में पिपरी थाना क्षेत्र के सिंहपुर चायल गांव में रविवार को एक विवाहिता का शव घर के दरवाजे से बंधा मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। वहीं मायके पक्ष ने विवाहिता की हत्या कर शव को दरवाजे से बांधने का आरोप पति पर लगाया है। मिली जानकारी के अनुसार प्रयागराज जनपद के धूमनगंज थाना क्षेत्र के जयंतीपुर सुलेमसराय निवासी प्रीती देवी (30 वर्ष) की शादी सिंहपुर चायल निवासी राजेश कुमार पटेल पुत्र स्वर्गीय रामनाथ पटेल के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। रविवार दोपहर बाद प्रीती का शव घर के दरवाजे से बंधा मिला। पति राजेश कुमार का कहना है कि वह काम पर गया हुआ था और दोनों बच्चे अपने दादा-दादी के पास थे। घर में प्रीती अकेली थी और उसने दरवाजे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
बताया जाता है कि जब प्रिंस (7 वर्ष) और नैना (5 वर्ष) घर पहुंचे तो दरवाजा नहीं खुला। बच्चों के रोने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। इसी दौरान कुछ देर बाद पति भी वहां पहुंच गया। घटना की सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने प्रीती की हत्या कर शव को दरवाजे से बांधने का आरोप लगाया। सूचना पर पहुंची पिपरी थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
0 Comments