ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह
प्रयागराज : जनपद में कौशाम्बी की सीमा पर स्थित पूरामुफ्ती पब्लिक स्कूल एंड कॉलेज (गर्ल्स इंटरमीडिएट कॉलेज) पूरामुफ्ती को हाल ही में दो महत्वपूर्ण उपलब्धियां प्राप्त हुई हैं। विद्यालय की छात्रा ने खेल प्रतियोगिता में पदक जीतकर स्कूल का नाम रोशन किया, वहीं एक छात्र का वैज्ञानिक प्रोजेक्ट भारत सरकार द्वारा सम्मानित किया गया। विद्यालय की कक्षा 10 की छात्रा निधि ने वर्ष 2025-26 में युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल विभाग प्रयागराज के तत्वावधान में आयोजित ग्रामीण खेल लीग की जोन स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए 400 मीटर दौड़ में रजत पदक हासिल किया। यह प्रतियोगिता मदन मोहन मालवीय स्टेडियम, प्रयागराज में आयोजित हुई थी। निधि ने 400 मीटर की दौड़ को लगभग 1 मिनट के भीतर पूरा कर यह उपलब्धि हासिल की।
इसी दौरान विद्यालय को एक और बड़ी उपलब्धि मिली। कक्षा 10 के छात्र जय सिंह का प्रोजेक्ट “चार्जिंग शूज” भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, राष्ट्रीय नवप्रवर्तन प्रतिष्ठान (इंस्पायर मानक अवार्ड) के लिए चयनित हुआ है। इस प्रोजेक्ट के लिए जय सिंह को 10,000 रुपये का पुरस्कार भी प्रदान किया जाएगा। इस प्रोजेक्ट के माध्यम से चलते समय जूतों से मोबाइल फोन चार्ज करने की तकनीक का वैज्ञानिक समाधान प्रस्तुत किया गया है। विद्यालय के प्रबंधक डॉ. प्रभु शंकर शुक्ला ने दोनों छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने बताया कि पूरामुफ्ती पब्लिक स्कूल एंड कॉलेज क्षेत्र का इकलौता विद्यालय है, जहां भारत सरकार द्वारा अटल टिंकरिंग लैब (ATL) की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
इस लैब में छात्र-छात्राएं नए वैज्ञानिक और तकनीकी प्रयोगों पर काम कर रहे हैं। दोनों छात्रों की इस उपलब्धि की जानकारी मिलते ही विद्यालय में खुशी की लहर दौड़ गई। विद्यालय परिवार की ओर से छात्र जय सिंह और छात्रा निधि का सम्मान कर उन्हें माल्यार्पण किया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
0 Comments