Ticker

6/recent/ticker-posts

लाहुरपार गांव का सुमित निकला पकिस्तानी जासूस, एयरफोर्स में करता था नौकरी...

ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह 


प्रयागराज : जनपद में पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के लाहुरपार गांव निवासी एयरफोर्स कर्मी सुमित कुमार (36) को पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में राजस्थान इंटेलिजेंस ब्यूरो ने 22 मार्च को असम के चबुआ एयरफोर्स स्टेशन से गिरफ्तार किया है। आरोपी मल्टी टास्किंग स्टाफ (MTS) के पद पर तैनात था। 23 मार्च को उसे जयपुर के सीजेएम कोर्ट में पेश किया गया। जहां से अदालत ने 2 अप्रैल तक रिमांड पर भेज दिया है। आरोप है कि सुमित ने लड़ाकू विमानों की लोकेशन सहित अधिकारियों और कर्मचारियों से जुड़ी गोपनीय सूचनाएं पाकिस्तान के हैंडलर्स तक पहुंचाईं। जांच एजेंसियों के मुताबिक वह साल 2023 से पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी के संपर्क में था और पैसों के बदले संवेदनशील जानकारियां साझा कर रहा था।

पिता ने जताया दुख और नाराजगी...

आरोपी के पिता बेनीमाधव ने कहा कि अगर बेटे ने देश से गद्दारी की है तो उसे सख्त सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस घटना से परिवार शर्मसार है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि बेटा होने के नाते पीड़ा तो होगी ही। पिता के अनुसार सुमित पिछले 11 साल से घर नहीं आया और परिवार से लगभग संपर्क खत्म कर लिया था। यहां तक कि अपने भाई की शादी में भी शामिल नहीं हुआ।

परिवार से बना रखी थी दूरी...

पिता ने बताया कि नौकरी लगने के बाद सुमित ने परिवार की कभी आर्थिक मदद नहीं की। पांच भाइयों में वह तीसरे नंबर पर है। परिवार के अन्य सदस्य गांव में ही रहकर काम करते हैं।

शिलांग में की शादी, 12 साल का बेटा...

परिवार के अनुसार सुमित ने शिलांग में एक लड़की से शादी की थी, जिससे उसका एक 12 साल का बेटा है। फिलहाल उसकी पत्नी उससे अलग रहती है और परिवार का उससे कोई संपर्क नहीं है।

ऐसे खुला मामला...

राजस्थान इंटेलिजेंस के एडीजी प्रफुल्ल कुमार के मुताबिक, इस मामले का खुलासा जनवरी 2026 में जैसलमेर के एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद हुआ। पूछताछ में सुमित का नाम सामने आया। जांच में पता चला कि वह सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तानी एजेंसियों तक सूचनाएं पहुंचा रहा था। फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है और सुरक्षा एजेंसियां इससे जुड़े अन्य संभावित नेटवर्क की भी तलाश कर रही हैं।

Post a Comment

0 Comments