ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह
प्रयागराज : जनपद में पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के फतेहपुर घाट में बुधवार को भारतीय किसान यूनियन श्रमिक जनशक्ति के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने मंडल अध्यक्ष जालंधर सिंह पटेल के नेतृत्व में मासिक बैठक आयोजित की। बैठक में गांव की सार्वजनिक भूमि पर दबंगों द्वारा जबरन लोहे का गेट लगाए जाने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि उक्त जमीन पर चंदा एकत्र कर बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित की जानी थी, लेकिन उससे पहले ही कुछ लोगों ने रात के अंधेरे में गेट लगाकर कब्जा करने का प्रयास किया। ग्रामीणों ने इसे अनुसूचित समुदाय की आस्था के साथ खिलवाड़ बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और गेट हटवाने की मांग की है।
बैठक में किसान नेता जालंधर सिंह पटेल ने कहा कि अब संगठन संवैधानिक तरीके से जिलाधिकारी से अनुमति लेकर ही बाबा साहब की प्रतिमा स्थापित करेगा। उन्होंने कहा कि “हम अपने अधिकारों के लिए पीछे हटने वाले नहीं हैं और हर हाल में प्रतिमा स्थापना कराकर रहेंगे। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भी प्रतिमा स्थापना को लेकर सैकड़ों किसानों ने फतेहपुर घाट पर प्रदर्शन किया था, जिसके बाद पूरामुफ्ती पुलिस ने जालंधर पटेल समेत कई लोगों का शांति भंग में चालान कर उन्हें जेल भेज दिया था।
जेल से रिहा होने के बाद एक बार फिर इस मुद्दे को लेकर आंदोलन तेज होता दिख रहा है। फिलहाल फतेहपुर घाट में बाबा साहब की प्रतिमा स्थापना को लेकर विवाद लंबे समय से चला आ रहा है, जिसका अभी तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल सका है। वहीं किसान यूनियन के नेता नियमानुसार अनुमति लेकर प्रतिमा स्थापित करने की बात पर अड़े हुए हैं।
0 Comments