ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह
प्रयागराज : एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के कादिलपुर गांव में मकान निर्माण को लेकर पुलिस और एक परिवार के बीच विवाद का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने पुलिस पर महिला समेत चार लोगों के साथ मारपीट करने, घर में लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़ने और जबरन थाने ले जाने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने यह भी दावा किया है कि पुलिसकर्मियों ने उसकी जेब से 12 हजार रुपये छीन लिए। वहीं मामले को लेकर पीड़ित युवक सत्यम कुमार पुत्र सुग्रीव निवासी कादिलपुर ने एक वीडियो जारी कर अपनी आपबीती सुनाते हुए उच्च अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है। सत्यम कुमार के अनुसार प्रयागराज–कौशाम्बी तपोस्थली मार्ग के चौड़ीकरण के दौरान उनका पुराना घर टूट गया था, जिसके बदले उन्हें मुआवजा मिला था। उसी मुआवजे की रकम से वह नया मकान बनवा रहे थे। उनका कहना है कि 18 फरवरी 2026 को दोपहर करीब 12 बजे वह अपने पिता सुग्रीव, भाई वनरोज और मां सोनी देवी के साथ निर्माण कार्य में लगे थे।
आरोप है कि इसी दौरान सोरांव और फूलपुर क्षेत्र के कुछ लोग एक कार से मौके पर पहुंचे, जिस पर ब्लॉक प्रमुख लिखा हुआ था। उनके साथ दूसरी गाड़ी से करीब सात पुलिसकर्मी भी पहुंचे। पीड़ित के मुताबिक पुलिसकर्मियों ने आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और परिवार के लोगों को पकड़कर जबरन गाड़ियों में बैठा लिया।
सत्यम का आरोप है कि इस दौरान उसकी जेब में रखे 12 हजार रुपये भी छीन लिए गए। इसके बाद सभी को थाने ले जाकर मारपीट की गई। पीड़ित का कहना है कि पिटाई इतनी गंभीर थी कि उसके कान का पर्दा फट गया, गर्दन में चोट आई और शरीर पर कई जगह गंभीर चोट के निशान पड़ गए। परिवार के अन्य सदस्यों को भी चोटें आई हैं। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाने और जीवन बर्बाद कर देने की धमकी दी। वहीं दूसरी ओर पुलिस ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है। एयरपोर्ट चौकी प्रभारी बम्हेश मिश्रा ने बताया कि लेखपाल से सूचना मिली थी कि जिस जमीन पर निर्माण कराया जा रहा है वह किसी अन्य व्यक्ति की है। शिकायत मिलने पर पुलिस ने मौके पर जाकर निर्माण कार्य रुकवाया था, लेकिन इसके बावजूद निर्माण जारी रखा गया।
उन्होंने बताया कि जब पुलिस टीम दोबारा मौके पर पहुंची तो सुग्रीव और उनके परिवार के लोगों ने पुलिस के साथ धक्का-मुक्की की। पुलिस के मुताबिक मारपीट और पैसे छीनने के आरोप पूरी तरह गलत हैं। एयरपोर्ट थानाध्यक्ष विनय कुमार सिंह ने कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। प्रथम दृष्टया मारपीट और पैसे छीनने के आरोप निराधार प्रतीत हो रहे हैं।
0 Comments