ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह
कौशाम्बी : जनपद में थाना करारी क्षेत्र के इब्राहिमपुर गांव में 55 वर्षीय मिश्रीलाल की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने इलाके में सनसनी फैला दी है। घटना को लेकर परिजनों और पुलिस के बीच अलग-अलग दावे सामने आने से मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि मिश्रीलाल की हत्या की गई है और मामले को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उनका कहना है कि शव की स्थिति और घटनास्थल के हालात आत्महत्या की बजाय हत्या की ओर इशारा करते हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं ग्रामीणों में भी आक्रोश व्याप्त है।
वहीं, पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फॉरेंसिक टीम द्वारा घटनास्थल से साक्ष्य भी एकत्र किए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।
0 Comments