रिपोर्ट-फैजी जाफरी
कौशाम्बी : जनपद में संदीपनघाट थाना क्षेत्र में बुधवार शाम हर्रायपुर चौराहे के पास एक रोडवेज बस द्वारा अचानक ब्रेक लगाने से पीछे आ रही कार उससे टकरा गई। हादसे में कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ, लेकिन कार क्षतिग्रस्त हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार प्रयागराज से कानपुर जा रही रोडवेज बस के चालक ने सवारी बैठाने के लिए बीच सड़क पर अचानक ब्रेक लगा दिया। इससे पीछे चल रही कार अनियंत्रित होकर बस से जा भिड़ी। टक्कर तेज होने के कारण कार को काफी नुकसान पहुंचा। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने बस चालक की पिटाई कर दी, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलने पर संदीपनघाट पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने बस और कार दोनों को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया है तथा दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है। थाना प्रभारी इंद्रदेव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद दोषी के खिलाफ नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।
0 Comments