ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह
प्रयागराज : नारकोटिक्स टास्क फोर्स NTF और थाना धूमनगंज पुलिस की संयुक्त टीम ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 704.88 ग्राम स्मैक बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 40 लाख 97 हजार 600 रुपये बताई जा रही है। साथ ही तीन मोबाइल फोन और 1200 रुपये नकद भी बरामद हुए हैं। पुलिस के अनुसार, सर्विलांस सेल की मदद और मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए टीम ने वर्कशॉप रोड, सुबेदारगंज स्टेशन के पीछे स्थित गली से तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सचिन पासी (27), राहुल कुमार (22) और नितेश कुमार (32) के रूप में हुई है, जो धूमनगंज थाना क्षेत्र के निवासी हैं। बरामदगी के दौरान सचिन पासी के पास से 559.85 ग्राम, राहुल कुमार के पास से 88.29 ग्राम और नितेश कुमार के पास से 56.74 ग्राम स्मैक मिली। पुलिस ने मौके से तीनों के मोबाइल फोन और नकदी भी जब्त की है।
इस संबंध में थाना धूमनगंज में मु0अ0सं0-114/2026 धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि तीनों अभियुक्तों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है और वे पहले भी एनडीपीएस सहित अन्य मामलों में जेल जा चुके हैं। पुलिस आयुक्त प्रयागराज ने इस सराहनीय कार्य के लिए संयुक्त टीम को 50 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।
इस कार्रवाई में धूमनगंज पुलिस, नारकोटिक्स टास्क फोर्स और सर्विलांस टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि जनपद में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह के अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
0 Comments