Ticker

6/recent/ticker-posts

करैली हत्याकांड में दो वांछित आरोपी गिरफ्तार, जमीनी विवाद को लेकर दिया वारदात को अंजाम...

ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह 

प्रयागराज : करैली थाना क्षेत्र में हुए चर्चित हत्या कांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। एसओजी नगर, थाना करैली पुलिस और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को रेलवे डॉट पुल बक्शी मोढ़ा के पास से दोनों आरोपियों को दबोच लिया। उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मोहम्मद हुसैन उर्फ प्लम्बर (22) निवासी ऐनुद्दीनपुर और मोहम्मद वसीम उर्फ कबूतर (45) निवासी जफीर की पुलिया, करैली के रूप में हुई है। दोनों आरोपी हत्या के मामले में वांछित चल रहे थे।
पुलिस के अनुसार, 8 अप्रैल 2026 को मोहम्मद आमिर ने सूचना दी थी कि उनके पिता मोहम्मद इरफान को चाय की दुकान पर बैठे समय बदमाशों ने गोली मार दी।

गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इस मामले में करैली थाने में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई थी। पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने खुलासा किया कि मुख्य आरोपी आसिफ दुर्रानी का मृतक मोहम्मद इरफान से जमीन को लेकर विवाद था। उसी के कहने पर मोहम्मद हुसैन ने मुखबिरी की और अन्य आरोपियों आसिफ दुर्रानी, राशिद दुर्रानी, दिलशाद उर्फ साफान आदि के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया।

पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ विधिक कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

Post a Comment

0 Comments