रिपोर्ट-हेमराज यादव
प्रयागराज : पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के इस्माइलपुर कोटवा गांव में हाईटेंशन लाइन की चिंगारी से गेहूं की खड़ी फसल में आग लगने का मामला सामने आया है। गांव निवासी ओम प्रकाश पटेल (पुत्र जयराम सिंह) के खेत में अचानक आग भड़क उठी, जिससे करीब एक बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। घटना से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और लोग आग बुझाने के प्रयास में जुट गए, लेकिन तेज लपटों के कारण आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में जर्जर और ढीली पड़ी हाईटेंशन लाइनें लंबे समय से खतरा बनी हुई हैं, जिसकी शिकायत कई बार बिजली विभाग से की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का कहना है कि विभाग की लापरवाही के चलते किसानों की मेहनत पर बार-बार पानी फिर रहा है।
सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिससे आसपास के अन्य खेतों को बचा लिया गया। हालांकि, तब तक पीड़ित किसान को भारी नुकसान हो चुका था। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित किसान को मुआवजा दिलाने और क्षेत्र की बिजली लाइनों की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
0 Comments