Ticker

6/recent/ticker-posts

पूर्व राज्यमंत्री के समधी के घर लाखों की चोरी, ताला तोड़कर चोरों ने उड़ाए नगदी जेवरात...

रिपोर्ट-विनय गुप्ता 

प्रयागराज : झूंसी थाना क्षेत्र में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। पूर्व राज्यमंत्री बाबूलाल भौरा के समधी के घर अज्ञात चोरों ने धावा बोलते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चोरी कर ली। घटना 14/15 अप्रैल की रात की बताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित परिवार किसी पारिवारिक कार्य के चलते घर से बाहर गया हुआ था। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने बंद पड़े मकान को निशाना बनाया। चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और अंदर रखी अलमारी को खंगाल डाला। घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण, कीमती सामान और नकदी लेकर चोर फरार हो गए।

घटना की जानकारी उस समय हुई जब पड़ोसियों ने घर का टूटा हुआ ताला देखा और अंदर का सामान बिखरा पाया। इसके बाद तत्काल डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जांच शुरू की और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़ित परिवार के अनुसार, इस चोरी में करीब 2.25 लाख से अधिक का नुकसान हुआ है। हालांकि वास्तविक नुकसान का आंकलन अभी किया जा रहा है। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। इस घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं, वहीं स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।

Post a Comment

0 Comments