Ticker

6/recent/ticker-posts

मरदानपुर में सेंध लगाकर लाखों की चोरी, नगदी और गहने उड़ा ले गए चोर...

रिपोर्ट-धनंजय कुमार 

प्रयागराज : जनपद में पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के मरदानपुर गांव में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार, गांव के निवासी पप्पू सेन के घर में चोरों ने दीवार में सेंध लगाकर प्रवेश किया और घर में रखी नगदी व कीमती गहनों पर हाथ साफ कर दिया। बताया जा रहा है कि चोर लगभग डेढ़ लाख रुपये नकद और शादी के लिए रखे गए गहने चोरी कर ले गए। यह रकम और जेवर पप्पू सेन ने अपनी बेटी की शादी के लिए बड़ी मेहनत से जुटाए थे। घटना के समय घर के सभी सदस्य किसी रिश्तेदारी में गए हुए थे, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने पूरी वारदात को अंजाम दिया। सुबह जब परिवार के लोग घर लौटे तो घर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था, जबकि बक्से घर के बाहर टूटे हुए हालत में मिले। घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और आसपास के लोग मौके पर जुट गए। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की है।

साथ ही चोरों की तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है। इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द से जल्द खुलासा कर चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments