Ticker

6/recent/ticker-posts

गौशाला में वाटर फिटिंग के नाम पर खेल, बिना काम कराए 68 हजार का भुगतान...

रिपोर्ट-अशीष विश्वकर्मा 


महोबा : जनपद महोबा के विकास खंड कबरई अंतर्गत ग्राम पंचायत गहरा में गौशाला के नाम पर भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। आरोप है कि ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव ने मिलीभगत कर गौशाला में वाटर फिटिंग और मरम्मत कार्य दिखाकर करीब 68 हजार रुपये की सरकारी धनराशि निकाल ली, जबकि मौके पर कोई कार्य नहीं कराया गया। मिली जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत गहरा की गौशाला में नई वाटर फिटिंग और मरम्मत के नाम पर कुल 68,682 रुपये का भुगतान किया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि न तो गौशाला में नई पाइप लाइन डाली गई और न ही किसी प्रकार का मरम्मत कार्य हुआ। इसके बावजूद भुगतान हो जाना अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है।

मामले को लेकर सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें गौशाला की बदहाल स्थिति दिखाई दे रही है। वीडियो में स्थानीय लोग दावा कर रहे हैं कि धरातल पर कोई नया कार्य नहीं हुआ है और केवल कागजों में विकास दिखाकर सरकारी धन का बंदरबांट किया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तो पंचायत स्तर पर हुए बड़े भ्रष्टाचार का खुलासा हो सकता है।

वहीं बिना भौतिक सत्यापन भुगतान जारी होने से तकनीकी सहायकों और संबंधित अधिकारियों की भूमिका भी संदेह के घेरे में आ गई है। अब देखना होगा कि खबर सामने आने के बाद जिला प्रशासन और मुख्य विकास अधिकारी इस मामले में जांच कर कार्रवाई करते हैं या फिर यह मामला भी अन्य शिकायतों की तरह फाइलों में दबकर रह जाएगा।

Post a Comment

0 Comments