रिपोर्ट-जैगम हलीम
कौशाम्बी : करारी थाना क्षेत्र के मीरापुर गांव में मंगलवार सुबह एक 17 वर्षीय किशोरी ने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मिली जानकारी के अनुसार मीरापुर गांव निवासी मुर्तुजा उर्फ पप्पू की पुत्री नाजिया (17) बीते करीब दो वर्षों से बीमार चल रही थी। परिजनों के मुताबिक बीमारी के कारण उसकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं रहती थी, जिससे वह काफी परेशान रहती थी। मंगलवार सुबह नाजिया ने घर के अंदर फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना की जानकारी होते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची करारी थाना पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
0 Comments