Ticker

6/recent/ticker-posts

हाईवे किनारे होटल संचालकों का हंगामा, लोगों ने हाईवे निर्माण कार्य रोका...

रिपोर्ट-जैगम हलीम 

कौशाम्बी : कोखराज थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण कार्य के दौरान मंगलवार को होटल संचालकों ने जमकर हंगामा किया। आरोप है कि हाईवे की जद में आ रहे हिस्सों को लेकर नाराज होटल संचालकों ने निर्माण कार्य रुकवा दिया और कर्मचारियों के साथ अभद्रता करते हुए उन्हें मौके से भगा दिया। मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम के साथ भी धक्का-मुक्की और हंगामा किया गया। मिली जानकारी के अनुसार कोखराज क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग का चौड़ीकरण एवं निर्माण कार्य चल रहा है। इसी दौरान कुछ होटल संचालकों ने विरोध शुरू कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपियों ने हाईवे कर्मचारियों को गाली-गलौज करते हुए काम बंद करा दिया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो पुलिस टीम का भी विरोध किया गया। आरोप है कि हंगामे के दौरान कुछ लोगों ने पुलिस जीप के सामने लेटने का प्रयास किया। वहीं कुछ लोगों ने खुद के ऊपर शौचालय का गंदा पानी डालकर आत्महत्या करने की धमकी दी।

जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालात को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने स्थिति पर काबू पाया और कई लोगों को हिरासत में लिया। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। वहीं मामले में कोखराज थाना प्रभारी ने बताया कि सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिस पर हमला करने की कोशिश और आगजनी के प्रयास के मामले में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

वहीं हाईवे अथॉरिटी के अधिकारियों ने घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा कि निर्माण कार्य नियमानुसार कराया जा रहा है, लेकिन बार-बार बाधा पहुंचाने से परियोजना प्रभावित हो रही है। अधिकारियों ने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

Post a Comment

0 Comments