Ticker

6/recent/ticker-posts

मेडिकल कॉलेज में इलाज में लापरवाही का आरोप, पिता की मौत के बाद बेटी का फूटा गुस्सा...

रिपोर्ट-जैगम हलीम 

कौशाम्बी : संयुक्त जिला चिकित्सालय मेडिकल कॉलेज मंझनपुर एक बार फिर गंभीर आरोपों के घेरे में है। यहां इलाज के दौरान एक 55 वर्षीय मरीज की मौत के बाद परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। घटना के बाद मृतक की बेटी का गुस्सा फूट पड़ा और उसने अस्पताल परिसर में ही डॉक्टरों पर गंभीर आरोप लगाए, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मिली जानकारी के अनुसार मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के गौसपुर टिकरी गांव निवासी छोटू (55) को पेट दर्द की शिकायत पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में इलाज के नाम पर उनसे 20 हजार रुपये की मांग की गई।

साथ ही यह भी आरोप है कि डॉक्टरों ने समय पर उचित उपचार नहीं किया और गलत इंजेक्शन लगाने के कारण मरीज की हालत और बिगड़ गई, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक की बेटी ने आरोप लगाते हुए कहा कि डॉक्टरों ने लापरवाही बरती और समय पर इलाज नहीं किया। उसने यह भी कहा कि “चिकित्सक सोते रहे और मेरे पिता तड़पते रहे,” जिसके कारण उनकी जान चली गई। गौरतलब है कि इससे पहले भी कौशाम्बी मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों पर कई गंभीर आरोप लग चुके हैं।

लेकिन जांच और कार्यवाही केवल औपचारिकता तक सीमित रहने के आरोप लगते रहे हैं। लगातार सामने आ रही घटनाओं से अस्पताल की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल मामले को लेकर अस्पताल प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं परिजनों ने घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की मांग की है।

Post a Comment

0 Comments