Ticker

6/recent/ticker-posts

वन स्टॉप सेंटर में किशोरी ने लगाई फांसी, प्रशासनिक अमले में मचा हड़कंप...

रिपोर्ट-जैगम हलीम 

कौशाम्बी : जिले के सखी वन स्टॉप सेंटर में सोमवार देर रात एक 17 वर्षीय किशोरी द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और बाल कल्याण समिति (CWC) के अधिकारी मौके पर पहुंच गए और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। मिली जानकारी के अनुसार मृतका करारी थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली थी। बताया जा रहा है कि किशोरी पड़ोस के एक युवक के साथ चली गई थी, जिसके बाद 17 अप्रैल 2026 को करारी थाने में मामला दर्ज कराया गया था। बरामदगी के बाद पुलिस ने किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराया और बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया। सीडब्ल्यूसी के आदेश पर किशोरी को सखी वन स्टॉप सेंटर में रखा गया था। बताया जा रहा है कि परिजनों ने लिखित रूप से उसे अपने साथ रखने से इनकार कर दिया था, जिसके चलते 4 मई को किशोरी को सेंटर में शिफ्ट किया गया था।

सोमवार देर रात किशोरी द्वारा सेंटर में फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की सूचना से प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं फोरेंसिक टीम द्वारा भी साक्ष्य जुटाए गए हैं। सीडब्ल्यूसी अध्यक्ष कमलेश चंद्र ने बताया कि करारी थाना पुलिस किशोरी को लेकर आई थी। मेडिकल परीक्षण के बाद उसे परिजनों को सौंपा जाना था, लेकिन माता-पिता ने हलफनामा देकर साथ रखने से इनकार कर दिया था।

इसके बाद बालिका को वन स्टॉप सेंटर में रखा गया था। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंची है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आत्महत्या के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं पर पड़ताल की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments