रिपोर्ट-फैजी जाफरी
कौशाम्बी : करारी थाना क्षेत्र के अडहरा गांव में सोमवार शाम एक किशोरी का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार अडहरा गांव निवासी 15 वर्षीय निशा सरोज सोमवार शाम घर में अकेली थी। उसकी मां मेघा रानी किसी काम से बैंक गई हुई थीं। बताया जा रहा है कि शाम करीब 5:30 बजे जब मां घर लौटीं तो उन्होंने बेटी का शव साड़ी के सहारे धन्नी से लटका देखा। यह दृश्य देखते ही उनके होश उड़ गए और वह चीखने-चिल्लाने लगीं।
मां की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर करारी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच पड़ताल कर रही है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
0 Comments