रिपोर्ट-फैजी जाफरी
कौशाम्बी : जिले के सैनी कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार अनियंत्रित होकर हाईवे पर डिवाइडर से जा टकराई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। मिली जानकारी के अनुसार हादसा सैनी कोतवाली क्षेत्र के कमासिन गांव के पास हाईवे पर हुआ। कार में सवार सभी छह लोग फतेहपुर जनपद के निवासी बताए जा रहे हैं, जो एक शादी समारोह में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से जा भिड़ी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। हादसे में राजेश यादव और राहुल पटेल की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि अरविंद, अनिल, प्रदीप और देवनारायण गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज भेजा, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस जांच के दौरान कार से शराब की बोतल भी बरामद हुई है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि हादसा शराब के नशे में वाहन चलाने के कारण हुआ हो सकता है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
0 Comments