Ticker

6/recent/ticker-posts

अवैध राशन संचरण के आरोप में ट्रक पकड़ी, मंडी समिति की कार्यवाही से मचा हड़कंप...

रिपोर्ट-जैगम हलीम 

कौशाम्बी : संदीपन घाट थाना क्षेत्र के काजीपुर गांव के समीप जीटी रोड पर मंगलवार को मंडी समिति भरवारी के सचल दल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राशन लदी एक ट्रक को पकड़ लिया। ट्रक पर सरकारी राशन के अवैध संचरण का आरोप लगाया जा रहा है। कार्यवाहू के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मिली जानकारी के अनुसार मंडी समिति भरवारी के प्रभारी सचिव कृष्ण कुमार पाण्डेय एवं मंडी सहायक लवलेश सिंह की अगुवाई में सचल दल द्वारा जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान काजीपुर गांव के पास जीटी रोड पर संदिग्ध हालत में जा रही राशन लदी ट्रक को रोककर जांच की गई। प्रारंभिक जांच में ट्रक में बड़ी मात्रा में गेहूं और चावल लदा मिला, जिसके दस्तावेजों को लेकर टीम को संदेह हुआ।
सूत्रों के मुताबिक पकड़ी गई ट्रक सराय अकिल क्षेत्र से महाराष्ट्र के लिए रवाना हुई थी।

चर्चा है कि मनौरी बाजार का एक व्यापारी कोटेदारों से कम दामों पर सरकारी राशन खरीदकर उसे अन्य प्रदेशों में ऊंचे दामों पर सप्लाई करता है। हालांकि इस मामले में अभी तक किसी अधिकारी की ओर से आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। कार्यवाही के दौरान ट्रक चालक और संबंधित लोगों से पूछताछ की गई। मंडी समिति की टीम ने मामले की सूचना संबंधित विभागों और स्थानीय पुलिस को भी दे दी है।

 खबर लिखे जाने तक ट्रक को कब्जे में लेकर जांच की प्रक्रिया जारी थी तथा आगे की कार्रवाई स्पष्ट नहीं हो सकी थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से सरकारी राशन की कालाबाजारी की शिकायतें मिल रही थीं। मंडी समिति की इस कार्रवाई को बड़े नेटवर्क के खुलासे से जोड़कर देखा जा रहा है।

Post a Comment

0 Comments