रिपोर्ट-फैजी जाफरी
कौशाम्बी : पिपरी थाना क्षेत्र के लोधउर गांव में मंगलवार रात चोरों ने एक विधवा महिला के घर में सेंध लगाकर नगदी और जेवरात समेत करीब तीन लाख रुपये का सामान पार कर दिया। घटना के बाद पीड़ित परिवार में दहशत का माहौल है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार गांव के बाहर मकान बनाकर रहने वाली अंजना सिंह अपने परिवार के साथ रहती हैं। पति की मौत के बाद वह अपनी बेटी के साथ किसी तरह जीवन यापन कर रही हैं। मंगलवार रात बेखौफ चोर घर की दीवार में सेंध काटकर अंदर घुस गए और कमरे में रखे बक्से का ताला तोड़ दिया।
चोर घर में रखा करीब सवा तोला सोने का हार, आधा तोला सोने का झुमका तथा मकान निर्माण के लिए जमा किए गए 30 हजार रुपये नगद उठा ले गए। बुधवार सुबह घटना की जानकारी होने पर परिवार के होश उड़ गए। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। पीड़िता अंजना सिंह ने बताया कि करीब दो वर्ष पहले भी उनके घर में चोरी हुई थी, जिसमें चोर सामान और नगदी उठा ले गए थे, लेकिन उस घटना का आज तक खुलासा नहीं हो सका। अब दोबारा चोरी होने से परिवार आर्थिक संकट में आ गया है।
ग्रामीणों ने क्षेत्र में बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। वहीं पिपरी थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
0 Comments