Ticker

6/recent/ticker-posts

मादपुर प्रीमियम लीग क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ, विधायक पल्लवी पटेल ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह...

ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह 

प्रयागराज : जिले के सदर तहसील अंतर्गत मादपुर गांव में आयोजित MPL मादपुर प्रीमियम लीग क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ सिराथू विधायक डॉ. पल्लवी पटेल ने फीता काटकर किया। उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीण, खेल प्रेमी और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। विधायक के पहुंचते ही आयोजकों और ग्रामीणों ने जोरदार स्वागत किया। टूर्नामेंट आयोजक ईशू पटेल और विनोद पटेल ने विधायक डॉ. पल्लवी पटेल को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इस दौरान समाजसेवी प्रीतम पटेल, अभिमन्यु पटेल, मैकू लाल पटेल, बलबीर सिंह पटेल, शनि पटेल, शमशाद अहमद, अजय पटेल, नीरज स्पोर्ट समेत कई लोगों ने भी विधायक का स्वागत किया। मादपुर प्रीमियम लीग में कुल 32 टीमें हिस्सा ले रही हैं। उद्घाटन मैच मादपुर चैंपियन और उजिहिनी डिलीवरी इलेवन के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए मादपुर की टीम ने निर्धारित ओवरों में 61 रन बनाए।

टीम की ओर से विवेक पटेल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए ताबड़तोड़ 32 रन बनाए। वहीं विपक्षी टीम के गेंदबाज सुनील ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक ही ओवर में तीन विकेट झटककर मैच को रोमांचक बना दिया। वहीं 61 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी उजिहिनी डिलीवरी इलेवन की टीम 58 रन पर सिमट गई और मादपुर की टीम ने मुकाबला तीन रन से अपने नाम कर लिया। मादपुर की जीत में विवेक पटेल ने अहम भूमिका निभाते हुए तीन विकेट भी हासिल किए। उनके हरफनमौला प्रदर्शन के लिए उन्हें “मैन ऑफ द मैच” चुना गया। उद्घाटन समारोह के दौरान विधायक डॉक्टर पल्लवी पटेल ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और उनके साथ क्रिकेट भी खेला।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल उन्हें सही मंच देने की है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए अपने क्रिकेट अनुभव भी साझा किए। इस मौके पर विधायक पल्लवी पटेल ने यूजीसी कानून को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्ष जनहित के हर मुद्दे पर सरकार से जवाब मांगता रहेगा और छात्रों और युवाओं के हितों से किसी प्रकार का समझौता नहीं होने दिया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments