Ticker

6/recent/ticker-posts

अनियंत्रित ट्रैक्टर ने मचाई तबाही, बाल बाल बचे घर के बाहर बैठे लोग...

रिपोर्ट-फैजी जाफरी 

कौशाम्बी : पिपरी थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव में शनिवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब मनौरी की ओर से चायल जा रही अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक एक घर में जा घुसी। हादसे में घर के बाहर खड़ी बाइकें और बिक्री के लिए रखी सीमेंट की चादरें क्षतिग्रस्त हो गईं। गनीमत रही कि परिवार के लोग बाल-बाल बच गए। मिली जानकारी के अनुसार मोहम्मदपुर गांव निवासी नौसे अहमद पुत्र स्वर्गीय अली जान अपने परिवार के साथ घर के बाहर बैठे हुए थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सीधे उनके घर में जा घुसी। घटना के समय इलाके की बिजली भी गुल थी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे में घर के बाहर खड़ी दो बाइकें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। वहीं बिक्री के लिए रखी गई सीमेंट की चादरों को भी भारी नुकसान पहुंचा। पीड़ित परिवार का कहना है कि हादसे में लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। घटना में ट्रैक्टर चालक को मामूली चोटें आईं, जिसे उपचार के लिए चायल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। हादसे की सूचना पर गांव के बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलाने और लापरवाह वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

Post a Comment

0 Comments