रिपोर्ट-फैजी जाफरी
कौशाम्बी : कोखराज थाना क्षेत्र में टेढ़ी मोड़ ब्रिज के पास देर रात बकरियों से लदा एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ट्रक में लदी कई बकरियां सड़क पर बिखर गईं। जिनमें आधा दर्जन से अधिक बकरियों की मौके पर मौत हो गई, जबकि दर्जनों घायल हो गईं। हादसे में ट्रक में सवार चार लोग भी घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक काफी तेज रफ्तार में था। टेढ़ी मोड़ ब्रिज के पास चालक संतुलन खो बैठा, जिससे ट्रक पलट गया। ट्रक पलटते ही आसपास के लोग और राहगीर मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि कुछ लोग मरी और घायल बकरियों को उठाकर ले जाने लगे, जिससे हाईवे पर अफरा-तफरी और जाम की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही शहजादपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और सख्ती दिखाते हुए बकरियां ले जा रहे लोगों को खदेड़ा।
पुलिस ने सभी मरी और घायल बकरियों को वापस एक स्थान पर इकट्ठा कराया तथा यातायात व्यवस्था को सामान्य कराया। हादसे में घायल चारों लोगों को राहगीरों और पुलिस की मदद से एम्बुलेंस द्वारा जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। बताया जा रहा है कि दो घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना पर पशु चिकित्सा विभाग की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घायल बकरियों का उपचार शुरू किया। कोखराज पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
0 Comments