रिपोर्ट-फैजी जाफरी
कौशाम्बी : थाना कौशाम्बी क्षेत्र के भैरवां गांव के पास शुक्रवार देर शाम हुए सड़क हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार थाना कौशाम्बी क्षेत्र के ग्राम पंचायत बारा निवासी 26 वर्षीय सुरेन्द्र गौतम पुत्र बरमदीन निजी कार्य से सराय अकिल गए थे। देर शाम वापस लौटते समय भैरवा गांव के पास एक अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्राली ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंचे परिजन घायल सुरेन्द्र को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कनैली ले गए। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें सराय अकिल के एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
0 Comments