रिपोर्ट-फैजी जाफरी
कौशाम्बी : सराय अकिल थाना क्षेत्र के खिजिरपुर कैलई उर्फ इमली गांव में शुक्रवार देर शाम एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। गांव के बाहर बगीचे में महिला का शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार, गांव निवासी मनीता देवी पत्नी दशरथ लाल शुक्रवार रात करीब 9 बजे अपने पति के लिए खाना लेकर गांव के बाहर स्थित गोड़ा डाढ़ी की ओर जा रही थीं। काफी देर तक उनके न पहुंचने पर पति दशरथ लाल ने नाती अनुराग और राम मिलन से जानकारी ली। दोनों ने बताया कि मनीता देवी खाना लेकर घर से निकल चुकी थीं।
इसके बाद परिजन उनकी तलाश में जुट गए। काफी खोजबीन के बाद गांव के बाहर स्थित अठरहा बगीचे में मनीता देवी का शव पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। परिजनों ने महिला की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। सूचना मिलने पर सराय अकिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस का कहना है कि महिला की मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच की जा रही है। घटना के बाद गांव में शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है।
0 Comments