रिपोर्ट-जैगम हलीम
कौशाम्बी : जिले में बुधवार देर रात आए तेज आंधी-तूफान और बारिश ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। पाइंसा थाना क्षेत्र के पहाड़पुर शाखा गांव में टीन शेड के नीचे सो रहे एक अधेड़ युवक की टीन गिरने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मिली जानकारी के अनुसार पहाड़पुर शाखा गांव निवासी चंद्रभवन (लगभग 50 वर्ष) बुधवार रात अपने घर के बाहर बने टीन शेड के नीचे सो रहे थे। इसी दौरान आधी रात के बाद तेज आंधी, बारिश और तूफानी हवाएं चलने लगीं। तेज हवाओं के दबाव से घर के बाहर लगा टीन शेड अचानक भरभराकर गिर पड़ा। टीन और लोहे के एंगल की चपेट में आने से चंद्रभवन गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में उन्हें बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी हालत बेहद गंभीर हो चुकी थी। परिजन इलाज के लिए अस्पताल ले जाने की तैयारी कर ही रहे थे कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।
घटना की सूचना पर पाइंसा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। ग्रामीणों का कहना है कि तेज आंधी और बारिश के चलते इलाके में कई जगह नुकसान हुआ है। वहीं इस दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है।
0 Comments