Ticker

6/recent/ticker-posts

बकरीद पर पुलिस प्रशासन का हाई अलर्ट, एडीजी ने ईदगाह पहुंचकर परखी सुरक्षा व्यवस्था...

रिपोर्ट-फैजी जाफरी 

कौशाम्बी : बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में सम्पन्न कराने के लिए जिले में पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। इसी क्रम में प्रयागराज जोन के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) ज्योति नारायण ने मंगलवार को कौशाम्बी पहुंचकर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था की तैयारियों का जायजा लिया। एडीजी ने जिलाधिकारी अमित पाल और पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण के साथ थाना कड़ाधाम क्षेत्र स्थित ईदगाह का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ईदगाह परिसर, आने-जाने वाले मार्ग, बैरिकेडिंग, पार्किंग व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, बिजली एवं सुरक्षा इंतजामों की गहन समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता रखी जाए। एडीजी ने सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रखने, अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने और ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी मुस्तैदी के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश भी दिए। थाना कड़ाधाम क्षेत्र की ईदगाह में बड़ी संख्या में नमाजियों ने बकरीद की नमाज अदा की, जिसे पुलिस-प्रशासन की निगरानी में सकुशल सम्पन्न कराया गया।


इसके बाद एडीजी महंगाव पहुंचे, जहां उन्होंने संदीपन घाट थाना प्रभारी से बातचीत कर सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली और नमाजियों से भी हालचाल जाना। निरीक्षण के उपरांत एडीजी प्रयागराज के लिए रवाना हो गए।

Post a Comment

0 Comments