Ticker

6/recent/ticker-posts

यमुना में नहाने गए तीन किशोर डूबे, गोताखोरों की मदद से तलाश जारी...

रिपोर्ट-फैजी जाफरी 

कौशाम्बी : जिले के कौशाम्बी थाना क्षेत्र स्थित महिला यमुना घाट पर रविवार सुबह नहाने गए तीन किशोर अचानक गहरे पानी में चले गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दो किशोरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि एक किशोर नदी में लापता हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और स्थानीय गोताखोर उसकी तलाश में जुटे हैं। मिली जानकारी के अनुसार ग्राम तारा का पूरा निवासी अमन निषाद 14 पुत्र तुलसीदास अपने दोस्तों उमेश निषाद 15 पुत्र जमुना निषाद और प्रदीप कुमार 17 पुत्र बच्चू के साथ रविवार सुबह महिला यमुना घाट पर नहाने गया था। नहाने के दौरान तीनों किशोर गहरे पानी की ओर चले गए और डूबने लगे। घाट पर मौजूद लोगों ने किसी तरह उमेश और प्रदीप को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन अमन गहरे पानी में समा गया।

घटना की जानकारी मिलते ही घाट पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना पर कौशाम्बी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से नदी में लापता किशोर अमन की तलाश लगातार जारी है। किशोर के नदी में डूबने की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में भी घटना को लेकर शोक और चिंता का माहौल बना हुआ है।

Post a Comment

0 Comments