Ticker

6/recent/ticker-posts

आंधी में नीम का पेड़ गिरने से कच्चा मकान ढहा, मां समेत दो बच्चों की मौत...

रिपोर्ट-फैजी जाफरी 

कौशाम्बी : सदर तहसील क्षेत्र के दूनी का पुरवा मजरा पूरब शरीरा गांव में गुरुवार देर रात आई तेज आंधी और बारिश एक परिवार के लिए काल बन गई। घर के सामने खड़ा नीम का विशाल पेड़ अचानक कच्चे मकान पर गिर पड़ा, जिससे पूरा मकान भरभराकर ढह गया। हादसे में मां समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया। मिली जानकारी के अनुसार गांव निवासी मंगर सरोज ईंट भट्ठे पर मजदूरी करता है। घटना के समय वह भट्ठे पर काम करने गया था, जबकि उसकी पत्नी माया देवी (26) अपने बच्चों के साथ घर में सो रही थीं। देर रात तेज आंधी और बारिश के दौरान घर के सामने खड़ा पुराना नीम का पेड़ अचानक मकान पर गिर पड़ा। पेड़ गिरते ही कच्चा मकान पूरी तरह ढह गया और उसमें सो रहे लोग मलबे में दब गए।
चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मलबा हटाने का प्रयास शुरू किया।

काफी मशक्कत के बाद लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक माया देवी, उनकी चार वर्षीय बेटी श्वेता और तीन वर्षीय बेटे अनुभव की मौत हो चुकी थी। वहीं छह वर्षीय पुत्र अंकुश गंभीर रूप से घायल मिला, जिसे ग्रामीणों की मदद से तत्काल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही गांव में मातम पसर गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।

जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल शर्मा ने बताया कि घटना बेहद दुखद है। राजस्व विभाग की टीम को नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए गए हैं। पीड़ित परिवार को शासन की ओर से आर्थिक सहायता और मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। तेज आंधी और बारिश के चलते जिले के कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित रहा। वहीं इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।

Post a Comment

0 Comments