ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह
कौशाम्बी : कोखराज थाना क्षेत्र के भरवारी रोही में हुई लाखों रुपये की चोरी की घटना का खुलासा एक माह बीत जाने के बाद भी नहीं हो सका है। मामले में पुलिस की कार्यवाही से असंतुष्ट पीड़ित परिवार ने पुलिस पर लापरवाही और ढिलाई बरतने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक कौशाम्बी को शिकायती पत्र देकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है। मिली जानकारी के अनुसार असदउल्लापुर रोही निवासी गांधी गुप्ता पुत्र स्वर्गीय रामप्रसाद ने बताया कि 29 अप्रैल 2026 को वह घर में ताला लगाकर गाड़ी बुकिंग के कार्य से बाहर गए थे। इसी दौरान रात में अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पार कर दी। पीड़ित के अनुसार चोरी गए सामान में दो हाफ पेटी चांदी, दो फुल पेटी चांदी, सोने की एक जंजीर, तीन अंगूठियां, दो जोड़ी झुमके, तीन नाक की पुल्ली, पांच जोड़ी चांदी की पायल, सोने का मंगलसूत्र, मांगटीका, दो जोड़ी चांदी के छागल, पांच जोड़ी बिछिया, 25 चांदी के सिक्के तथा करीब एक लाख 25 हजार रुपये नकद शामिल हैं।
अगले दिन 30 अप्रैल को घर लौटने पर गांधी गुप्ता ने देखा कि घर का ताला टूटा हुआ था और अंदर का सामान बिखरा पड़ा था। घटना की सूचना तत्काल डायल 112 और कोखराज पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और मामले में मुकदमा संख्या 238/2026 धारा 331(2) एवं 305ए बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया। पीड़ित का आरोप है कि पुलिस जांच के दौरान पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली गई, जिसमें घटना की रात पवन गैरेज संचालक पवन कुमार अपने एक अज्ञात साथी के साथ दो बार उनके घर की ओर आते-जाते दिखाई दिया।
गांधी गुप्ता का कहना है कि उक्त वीडियो रिकॉर्डिंग उन्होंने पुलिस को भी उपलब्ध कराई, जिसके आधार पर पवन कुमार निवासी सिहोरी के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज हुई, लेकिन अब तक उसकी गिरफ्तारी नहीं की गई। पीड़ित परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी पक्ष लगातार समझौते का दबाव बना रहा है और धमकी दे रहा है। मामले को लेकर पीड़ित ने एसपी से निष्पक्ष जांच कर आरोपियों को गिरफ्तार करने तथा चोरी गए जेवरात और नकदी बरामद कराने की मांग की है।
0 Comments