रिपोर्ट-जैगम हलीम
कौशाम्बी : जनपद के कोखराज थाना क्षेत्र अंतर्गत संदीपनघाट स्थित गंगा नदी में शुक्रवार सुबह एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना पर आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। घटना की जानकारी मिलते ही कोखराज पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया। बताया जा रहा है कि सुबह कुछ ग्रामीण गंगा नदी किनारे पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर नदी में तैर रहे एक शव पर पड़ी। शव दिखाई देते ही वहां हड़कंप मच गया और लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मृतक के नाक से खून निकल रहा था, जिससे मामला संदिग्ध माना जा रहा है। हालांकि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई है, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आ सका है।
पुलिस प्रथम दृष्टया मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की जांच कर रही है। शव की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के गांवों के लोगों से पूछताछ कर रही है और गुमशुदगी के मामलों का भी मिलान कराया जा रहा है। मृतक की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है। कोखराज पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और लोग मामले को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं।
0 Comments