Ticker

6/recent/ticker-posts

इलाज के दौरान पूर्व प्रधान की मौत पर उबाल, परिजनों ने इमामगंज चौराहे पर किया चक्का जाम...

रिपोर्ट-जैगम हलीम 

कौशाम्बी : संदीपन घाट थाना क्षेत्र के आलमचंद गांव के पूर्व प्रधान मनोज कुमार हेला की इलाज के दौरान मौत के बाद मंगलवार को परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने इमामगंज तिराहे पर जीटी रोड नेशनल हाईवे जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले मनोज कुमार हेला पर अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी। गंभीर रूप से घायल हेला को प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां मंगलवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक के साथ आक्रोश फैल गया।


परिजनों का आरोप है कि घटना के 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद पुलिस हमलावरों को गिरफ्तार नहीं कर सकी। साथ ही पोस्टमार्टम में देरी और शाम तक शव घर न पहुंचने से लोगों में नाराजगी और बढ़ गई। मंगलवार शाम करीब 6 बजे सैकड़ों ग्रामीण इमामगंज तिराहे पर एकत्र हो गए और नेशनल हाईवे जाम कर दिया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाए गए और छोटे बड़े सभी वाहनों को रोक दिया गया।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि आरोपियों की गिरफ्तारी तक आंदोलन जारी रहेगा। सूचना पर पहुंचे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने परिजनों को समझाकर शांत कराया और जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। इसके बाद जाम समाप्त कर यातायात बहाल कराया गया। घटना के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है और मामले की जांच जारी है।

Post a Comment

0 Comments